प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने कम्पाला में भारतीय समुदाय के एक समारोह के दौरान भारत के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की आवक्ष- प्रतिमा का अनावरण किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्विटर पर दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा है , “लौह पुरुष को सलाम करते हुए.. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और युगांडा के राष्ट्रपति मुसेवेनी ने भारतीय समुदाय के एक समारोह में सरदार वल्लभ भाई पटेल की आवक्ष- प्रतिमा का अनावरण किया।”
पहली तस्वीर में मोदी प्रतिमा को नमन करते नजर आ रहे हैं और मुसेवेनी उनके साथ खड़े हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में मुसेवेनी पुष्पांजलि अर्पित करते दिख रहे हैं। अन्य ट्वीट में कुमार ने बताया कि मोदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में भारतवंशियों ने समारोह में भाग लिया।
उन्होंने लिखा, “भारतीय समुदाय भारत और युगांडा के बीच बेहद मजबूत एवं टिकाऊ आर्थिक तथा सांस्कृतिक संबंधों का प्रतिनिधित्व करता है।” मोदी ने करीब 30 मिनट तक लोगों को संबोधित किया और इस दौरान युगांडा के राष्ट्रपति वहां मौजूद रहे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्विटर पर लिखा है , “राष्ट्रपति मुसेवेनी ने युगांडा में मौजूद भारतीय समुदाय की दिल से सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने युगांडा के आर्थिक विकास में उनके (भारतीय समुदाय) कड़े परिश्रम एवं योगदान का भी सराहा।”
मोदी ने भी अपने संबोधन में युगांडा के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्होंने भारतीय समुदाय को दिल से अपनाने के लिए मुसेवेनी का शुक्रिया अदा किया। प्रधानमंत्री कल शाम अपनी दो दिवसीय यात्रा पर युगांडा की राजधानी कम्पाला पहुंचे थे। वर्ष 1997 के बाद यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला द्विपक्षीय दौरा है।


Download Android App
Download iOS App




