देश में तेल खरीद के लिए सबसे बड़ी कंपनी आईओसी (इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन) ने रूस की पेट्रोलियम रिफाइनरी कंपनी रोसनेफ्ट से 20 लाख टन कच्चा तेल खरीदने के लिए सौदा किया है। आईओसी ने फरवरी 2020 में रोसनेफ्ट तेल कंपनी के साथ नोवोरोस्सिएस्क बंदरगाह के जरिये बीस लाख टन तेल आयात करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
वर्ष 2022 तक की जाएगी आपूर्ति
इस समझौते के तहत आईओसी ने हालांकि केवल 17 लाख टन कच्चे तेल की खरीद की, क्योंकि पार्सल या जहाज के जरिये लदान से तेल के परिवहन की लागत ने इसे अलाभकारी बना दिया था। इस समझौते के तहत, वर्ष 2022 के लिए नोवोरोसिस्क के काला सागर बंदरगाह से बीस लाख टन तक तेल की आपूर्ति की जाएगी। उल्लेखनीय है कि, भारत ने तेल के आयात में विविधता लाने के लिए रूस से लेकर अमेरिका के साथ भी करार किया है, जिससे तेल की जरूरतों को पूरा करने के लिए पश्चिमी एशिया पर निर्भरता को कम किया जा सके।