नई दिल्ली : 14वां ऑटो एक्सपो आज यानी 7 फरवरी से शुरू हो जाएगा, लेकिन आम दर्शकों के लिए इसकी एंट्री 9 फरवरी यानी शुक्रवार से शुरू होगी। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले ऑटो एक्सपो में इस बार 100 कंपनियां अपनी 300 से अधिक गाड़ियां प्रदर्शित कर सकती हैं। इस बार ऑटो एक्सपो-2018 में कंपनियों का पूरा फोकस इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर शिफ्ट हो गया है। घरेलू कार कंपनियां जैसे मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और महिंद्रा के अलावा विदेशी कार कंपनियां के साथ-साथ टू-व्हीलर कंपनियां 24 से ज्यादा इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड व्हीकल्स को शोकेस करने वाली हैं। इस ऑटो एक्सपो में मोटरसाइकिल, स्कूटर, कार और कमर्शियल व्हीकल्स के कॉन्सेप्ट या प्रोडक्शन में जाने वाले व्हीकल्स को दिखाएंगी।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सिआम) का कहना है ऑटो एक्सपो केवल इलेक्ट्रिक व्हीकल्स नहीं, इससे आगे जाने वाला है। यहां कई नई और भविष्य की टेक्नोलॉजीज को शोकेस किया जा सकता है। इस बार अलग-अलग ऑटोमेकर्स करीब 50 से ज्यादा इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड व्हीकल एक्सपो में लॉन्च करेंगी। पीछे कई सालों की तुलना में इस बार दर्शकों को ऑटो एक्सपो में ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियां देखने को मिलेंगी। मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा है कि 4,200 स्क्वायर मीटर में फैले कंपनी के पवेलियन में 18 से ज्यादा मॉडल्स को दिखाया जाएगा। इसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल ई-सर्वाइवर भी शामिल होगी। भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के लिए ई-सर्वाइवर मददगार साबित होगी।
कंपनी पहले से ही 2020 में भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स लॉन्च करने की तैयारी की है। ई-सर्वाइवर में इस्तेमाल होने वाली तकनीक सुजुकी और टोयोटा की पार्टनरशिप से निकलेगी। ऑटो एक्सपो 2018 में महिंद्रा की थीम 'फ्यूचर ऑफ मोबिलिटी' पर है और वह कई ऐसे प्रोडक्ट्स पेश करने वाली है जो मोबिलिटी सॉल्यूशन के लिए उपयुक्त हैं और टेक्नोलॉजी के स्तर पर काफी एडवांस हैं। ऐसे में कंपनी के पवेलियन में कई इलेक्ट्रिक व्हीकल्स होंगे। महिंद्रा की ओर से 6 नए इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को शोकेस किया जाएगा, जिसमें से दो कॉन्सेप्ट व्हीकल्स हैं।
इसमें केयूवी की इलेक्ट्रिक कार, एक्सयूवी एरो इलेक्ट्रिक के साथ-साथ टिवोली इलेक्ट्रिक कार शामिल हैं। टाटा मोटर्स के पलेवियन का भी मुख्य आकर्षण इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारें ही रहने वाली हैं। टाटा मोटर्स की ओर से टिगोर, नैनो के अलावा करीब 26 स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशन को शोकेस किया जाएगा। इसमें पैसेंजर व्हीकल से लेकर कमर्शियल व्हीकल्स तक शामिल हैं। इससे पहले ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को कांसेप्ट व्हीकल की तरह पेश किया जाता था, लेकिन इस बार एक्सपो में इन गाड़ियों को जरूरतों और खरीददारी के लिहाजे से पेश किया जाएगा।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ। - सुरेन्द्र पंडित