मुंबई : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने भरोसा जताया कि अर्थव्यवस्था की वृद्धि के साथ-साथ निर्यात गतिविधियां भी आगे बढ़ेगी। अगले कुछ सालों में भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 5,000 अरब डॉलर (लगभग 3,26,250 अरब रुपये) हो जाने की उम्मीद है जो उसे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा। विश्व व्यापार प्रदर्शनी-2017 को यहां भेजे अपने वीडियो संदेश में प्रभु ने कहा, हमारी अर्थव्यवस्था अगले कुछ सालों में 2500 अरब डॉलर से बढ़कर 5000 अरब डॉलर हो जाएगी और तब यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी।
इस तरह की आर्थिक वृद्धि से हमारा अंतरराष्ट्रीय व्यापार भी बढ़ेगा। इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिका की ब्रोकरेज कंपनी बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने अनुमान जताया था कि 2028 तक भारत की अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। कंपनी ने अगले एक दशक में भारत की सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 10% रहने का अनुमान जताया था।