नई दिल्ली : भारतीय उद्योग जगत ने सोमवार को एक्जिट पोल पर चुप्पी साधते हुए कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। रविवार को आए तमाम एक्जिट पोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दूसरा कार्यकाल मिलते हुए दिखाया गया है। चुनाव नतीजे 23 मई को आने हैं। इस बारे में प्रमुख उद्योग मंडलों फिक्की, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) तथा एसोचैम ने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।
महिंद्रा समूह के मुख्य अर्थशास्त्री सच्चिदानंद शुक्ला के एक ट्वीट कि इस सप्ताह क्या करना है, समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने जवाब देते हुए कहा, ‘‘इस सप्ताह हमारी निगाह सिर्फ एक चीज पर है।’’ उनका इशारा 23 मई के चुनाव नतीजों की ओर था।’’ उद्योग मंडल पीएचडीसीसीआई के अध्यक्ष राजीव तलवार ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘भारत में सभी को मतदाताओं के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
यदि मतदाताओं को लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दूसरा कार्यकाल मिलना चाहिए तो यह किसी अन्य विचार की तुलना में सबसे अच्छा होगा।’’ उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय मतदाता को लगा है तो उसने सरकार बदली है। उन्होंने अपनी सोच के आधार पर ही किसी को दूसरा कार्यकाल भी दिया है। ऐसे में यदि संभवत: मोदी को दूसरा कार्यकाल मिलता है तो यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा होगा। आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने कहा कि एक बात निश्चित है कि अगले प्रधानमंत्री का नाम ‘एन’ से शुरू होगा।


Download Android App
Download iOS App



