सरकार ने न्यायमूर्ति बंसीलाल भट को राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) का कार्यवाहक चेयरमैन नियुक्त किया है। वह न्यायमूर्ति सुधांशु ज्योति मुखोपाध्याय के स्थान पर चेयरमैन बनाए गए हैं।
न्यायमूर्ति मुखोपाध्याय शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति भट जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रह चुके हैं। अधिसूचना के मुताबिक कार्यवाहक चेयरमैन के रूप में उनकी नियुक्ति 15 मार्च, 2020 से तीन माह के लिए या नए चेयरमैन की नियुक्ति या अगले किसी आदेश तक के लिए की गयी है।
न्यायमूर्ति भट एनसीएलएटी में 17 अक्टूबर, 2017 को न्यायिक सदस्य के रूप में लाए गए थे। इससे पहले वह सशस्त्र बल न्यायाधिकरण के न्यायिक सदस्य थे और इसकी चंडीगढ़, शिमला, जयपुर और दिल्ली की पीठों के अध्यक्ष का दायित्व निभाया था। एक अन्य आदेश में सरकार ने न्यायमूर्ति अनंत बिजय सिंह को न्यायाधिकरण में न्यायिक सदस्य और श्रीशा मेर्ला और आलोक श्रीवास्तव को तकनीकी सदस्य बनाया है।