देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने डिजिटल बैंकिंग मंच योनो के ग्राहकों के लिए त्यौहारी पेशकश की है। इसके तहत आने वाले त्यौहारी मौसम में योनो के माध्यम से कार, स्वर्ण और व्यक्तिगत ऋण के आवदेकों को बैंक प्रोसेसिंग शुल्क पर 100 प्रतिशत की छूट देगा। योनो (यू नीड ओनली वन) बैंक की मोबाइल बैंकिंग ऐप है।
बैंक ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मान्य आवासीय परियोजनाओं में आवास खरीदने वाले ग्राहकों को भी बैंक आवास ऋण के प्रक्रिया शुल्क पर पूरी छूट दे रहा है। इसके अलावा ग्राहकों को उनके आवास ऋण की राशि और उनकी ऋण साख के आधार पर ब्याज दर में 0.10 प्रतिशत तक छूट की भी पेशकश कर रहा है। वहीं योनो से आवास ऋण के लिए आवेदन करने वाले ग्राहक ब्याज दर पर 0.05 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का लाभ भी ले सकते हैं।
बैंक ने कहा कि कार ऋण ग्राहकों को वह सबसे कम 7.5 प्रतिशत की ब्याज दर से शुरू होने वाले ऋण उपलब्ध करा रहा है। वहीं चुनिंदा मॉडल पर उन्हें वाहन की कर सहित कीमत (ऑन रोड प्राइस) पर भी ऋण की पेशकश कर रही है। एसबीआई के सी. एस. शेट्टी ने कहा कि अर्थव्यवस्था में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हमें उम्मीद है कि ग्राहकों की ओर से आने वाले त्यौहारी मौसम में खर्च बढ़ेगा। वहीं उनके त्यौहारों को अच्छा बनाने के लिए एसबीआई ने भी उनकी वित्तीय जरूरतों के हिसाब से एक मदद का हाथ आगे बढ़ाया है।


Download Android App
Download iOS App



