मुंबई : बंबई शेयर बाजार में सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा और सेंसेक्स 192 अंक चढ़ गया। निफ्टी भी बढ़त के साथ 11,000 अंक के स्तर के करीब पहुंच गया। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच कुछ बड़ी कंपनियों के तीसरी तिमाही के परिणाम उम्मीद से बेहतर रहे हैं। इससे बाजार में तेजी आई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 192.35 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36,578.96 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान यह 36,700 अंक का स्तर पार कर 36,701.03 अंक तक गया। यह 36,351.77 अंक के निचले स्तर पर भी आया। पिछले चार सत्रों में सेंसेक्स 533.05 अंक चढ़ा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी कारोबार के दौरान 10,987.45 अंक का उच्चस्तर छुआ। अंत में निफ्टी 54.90 अंक या 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,961.85 अंक पर बंद हुआ। आईटी, प्रौद्योगिकी, तेल एवं गैस, फार्मा तथा बैंकिंग शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में लाभ रहा।
आशिका ग्रुप के अध्यक्ष (इक्विटी रिसर्च) पारस बोथरा ने कहा कि बढ़त के साथ खुलने के बाद सकारात्मक वैश्विक संकेतों से बाजार सकारात्मक दायरे में रहा। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका चीन व्यापार विवाद को समाप्त करने जा रहे हैं। कारोबारियों ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और कुछ अन्य कंपनियों के उम्मीद से बेहतर नतीजों से बाजार धारणा मजबूत हुई।
बेहतर तिमाही नतीजों के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 4.36 प्रतिशत की छलांग लगा गया। यह अपने दो माह के उच्चस्तर पर पहुंच गया। दिसंबर तिमाही में एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ 20 प्रतिशत बढ़ा है। इससे बैंक का शेयर 0.72 प्रतिशत चढ़ गया।