भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने इस वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव को युद्ध की संज्ञा देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से इसे हर हाल में जीतने का शुक्रवार को आह्वान किया और कहा कि इस चुनाव में भाजपा की जीत भारत को विश्वगुरु के पद पर ले जाएगी और हार सैकड़ों साल की गुलामी का सबब बनेगी।
शाह ने रामलीला मैदान में पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव अनोखा है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 35 दल मिल कर लड़ेंगे। वहीं दूसरी ओर स्वार्थ के आधार पर बना बेमेल गठबंधन रहेगा जिसका न नेता है और न ही नीति है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव एक ऐसा ‘युद्ध’ है जो सदियों तक अपना असर छोड़ कर जाएगा। उन्होंने मराठा साम्राज्य का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय अफगानिस्तान से कर्नाटक तक और गुजरात से ओडिशा तक पेशवा का साम्राज्य था लेकिन 130 युद्ध जीतने वाले मराठा केवल पानीपत की तीसरी लड़ाई हारे तो 200 साल की गुलामी झेलनी पड़ी।
BJP चाहती है जल्द से जल्द राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर हो : अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय ऐसा था जब भाजपा की लोकसभा में मात्र दो सीटें रह गई थीं लेकिन बाद में पार्टी छह राज्यों से निकल कर 16 राज्यों तक आई। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनी और 2014 में देश में 30 साल के बाद किसी दल की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। इस समय हमारे पास देश ही नहीं दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है। उनका इशारा प्रधानमंत्री मोदी की ओर था। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी के पीछे चट्टान की तरह कड़ी है। उनके जैसी लोकप्रियता किसी की नहीं है। केरल तक भाजपा का झंडा फहरा रहा है।