चारा घोटाला में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जेल जाने के बाद अब उनकी पार्टी में भी संकट के बादल छाने लगे हैं। पार्टी के जनरल सेक्रटरी अशोक सिन्हा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे की वजह में अशोक सिन्हा ने साफ किया कि वह लालू की जगह पार्टी की कमान संभाल रहे तेजस्वी यादव की कार्यशैली से नाखुश हैं।
अशोक सिन्हा ने यह भी कहा है कि राजद अप्रासंगिक हो गई है। इसलिए बेहतर है कि पार्टी छोड़ दी जाए। उनके अनुसार तेजस्वी यादव में लालू प्रसाद की तरह पार्टी का नेतृत्व करने की क्षमता नहीं है।
विदित हो कि लालू के जेल जाने के बाद पार्टी की जिम्मेदारी उनके बेटे और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के कंधों पर है। लालू ने तेजस्वी को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है। इसके बाद तेजस्वी के सामने पार्टी को एक रखने की चुनौती है, जिसे अशोक सिन्हा के इस्तीफे से पहला बड़ा झटका लगा है।
विदित हो कि लालू के जेल जाने के बाद राजद का एक तबका असंतुष्ट बताया जा रहा है। कुछ बड़े नेता लालू की जगह तेजस्वी का नेतृत्व स्वीकार करने में असहज बताए जा रहे हैं। अशोक सिन्हा के इस्तीफा देने के कारण नाराज खेमे को बल मिल सकता है।
अशोक सिन्हा साफ कहा कि पार्टी के अंदर नेताओं में बेचैनी है। उनके मुताबिक लालू परिवार केवल उकसावे की राजनीति जानता है, एक जाति विशेष के खिलाफ यादवों को प्रवोक किया जाता है। उन्होंने साफ कहा कि लालू परिवार को अपनी बेनामी संपत्ति पर सफाई देनी चाहिए। लालू यादव को जनता के सामने अपनी संपत्ति के विवरण को रखना चाहिए।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।