विदिशा: विदिशा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हड़ताल से सभी आगनबाड़ी केन्द्रों पर ताले लग गए और केन्द्र में संचालित होने वाली महिला बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाएं ठप्प हो गई हैं। तो वहीं स्वास्थ्य विभाग का सबसे महत्वपूर्ण अभियान मिशन इंद्रधनुष छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कार्य भी हड़ताल से प्रभावित हो रहा है। हड़ताल के चलते अब बच्चों को प्रतिदिन मिलने वाला पोषण आहार भी बंद हो गया है।
प्रति मंगलवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों से 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों , गर्भवती और धात्री महिलाओं को एक सप्ताह का टेकहोम राशन दिया जाता है। लेकिन हड़ताल के चलते मंगलवार को इस राशन का वितरण् नहीं किया गया। जिसके चलते अब एक सप्ताह तक बच्चोंं को पोषण आहार नहीं मिल सकेगा। इसके अलावा रोज मिलने वाला पोषण आहार भी बच्चों को मिलना बंद हो गया है। मंगलवार को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वाल दिवस के आयोजन भी नहीं हुए।
जिलेभर की आगनंबाड़ी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय आकर धरना स्थल पर बैठ गई है, कुछ महिलाएं तो छोटे छोटे बच्चों को लेकर धरना स्थल पर पहुंची, तो कुछ महिलाओं ने एकादशी व्रत के चलते फलाहार वही किया। सभी ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर सरकार को कोसा। ज्ञात हो कि अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलेभर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका हड़ताल पर चली गई है।