भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात के करमसद से रविवार को गुजरात गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई। शाह ने गुजरात चुनाव का बिगुल बजा दिया है। दिन में वह शहर के विद्यानगर रोड पर गुजरात गौरव यात्रा को संबोधित करेंगे।
15 दिन तक चलेगी यात्रा
गुजरात गौरव यात्रा 1 अक्टूबर से शुरु होकर 15 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान कुल 138 जन सभाओं को संबोधित किया जाएगा। यात्रा के दो रूट होंगे। इनमें से एक रूट को गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल लीड करेंगे, जबकि दूसरे रूट को गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष वघानी लीड करेंगे।
इस यात्रा के दौरान कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रैलियों में हिस्सा लेंगे। साथ ही पार्टी के गुजरात प्रभारी भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे।
शाह ने ट्वीट किया है, सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से आज भाजपा की विकास यात्रा गुजरात गौरव यात्रा प्रारंभ होगी। उन्होंने लिखा है, गुजरात गौरव यात्रा के माध्यम से भाजपा पिछले दो दशक में आयी विकासक्रांति के गौरव को जन-जन तक पहुंचाएगी। कार्यकर्ताओं और जनता को शुभकामनाएं।
गुजरात गौरव यात्रा के माध्यम से भाजपा पिछले दो दशक में आयी विकास क्रांति के गौरव को जन-जन तक पहुंचाएगी। कार्यकर्ताओं और जनता को शुभकामनाएं।
— Amit Shah (@AmitShah) October 1, 2017
‘जय सरदार’ और ‘जय पाटीदार’ के लगे नारे
अमित शाह जब यहां भाषण दे रहे थे, उसी दौरान पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति के कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। ये युवा ‘जय सरदार’ और ‘जय पाटीदार’ की नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सभा से बाहर कर दिया।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की अर्पित
करमसद में भारत माता के वीर सपूत राष्ट्र गौरव लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/tWyjGPH5vP
— Amit Shah (@AmitShah) October 1, 2017
इससे पहले अमित शाह ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही सरदार पटेल के घर जाकर उन्हें वंदन किया।
मोदी ने शुरु की थी यात्रा
यह ‘गुजरात गौरव यात्रा’ का दूसरा चरण है। इसकी शुरुआत 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। मोदी ने साल 2002 के विधानसभा चुनाव से पहले इसी नाम से एक यात्रा निकाली थी।
गौरतलब है कि गुजरात में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं जिनमें भाजपा के फिलहाल 118 विधायक हैं। एक मई 1960 को गठित गुजरात में पिछले करीब 22 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।