नयी दिल्ली : बहुजन समाज पार्टी ( बसपा ) मायावती ने भाजपा पर कर्नाटक में अपनी सरकार के गठन के लिए सरकारी तंत्र का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने राज्य के हालिया घटनाक्रमों को संविधान को नष्ट करने की साजिश भी बताया। मायावती ने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में आने के बाद से भाजपा सरकारी तंत्र का दुरूपयोग करती आयी हैं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा , ‘‘ यह बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को नष्ट करने की साजिश है। वे ( भाजपा ) जब से सत्ता में आए हैं , सरकारी तंत्र का दुरूपयोग करते रहे हैं और लोकतंत्र पर हमला करते आए हैं। ’’ उच्चतम न्यायालय ने कर्नाटक में सरकार गठन पर रोक के लिए कांग्रेस .. जदएस की याचिका पर रातभर चली असामान्य सुनवायी के बाद आज भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा के कनार्टक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद येदियुरप्पा ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कर्नाटक में 104 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा को राज्यपाल ने जद ( एस )- कांग्रेस के गठबंधन के दावे के बावजूद सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। जद ( एस )- कांग्रेस के गठबंधन ने अपने पास 117 विधायकों का समर्थन होने का उल्लेख करते हुए सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया था। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा की 222 सीटों पर चुनाव हुआ था। इसके मद्देनजर बहुमत का आंकड़ा 112 सीटों का है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।