नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना में स्पष्ट बढ़त मिलने के बाद शाम को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक बुलायी है जिसमें भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा और सरकार के गठन का दावा पेश करने के बारे में फैसला लिया जाएगा। पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों ने आज यहां यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रमुख अमित शाह करेंगे। कर्नाटक विधानसभा के चुनावों के रुझान स्पष्ट होते ही पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल छा गया। केन्द्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को लड्डू खिलाकर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाये और एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
भाजपा में कर्नाटक चुनावों के प्रभारी रहे केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़कर ने कहा कि कर्नाटक के लोग सुशासन चाहते हैं इसीलिए उन्होंने भाजपा को चुना है। यह पार्टी के लिए बड़ी जीत है। कांग्रेस राज्य दर राज्य हार रही है और हम जीत रहे हैं। इस बीच कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के करीब पहुंच चुकी भाजपा के महासचिव राम माधव ने इस नतीजे के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पार्टी नेतृत्व के साथ साथ संघ परिवार के कार्यकर्ताओं को भी श्रेय दिया। श्री माधव ने कहा कि इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश के नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का दक्षिणवर्ती मार्च आरंभ हो चुका है। संघ परिवार के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की बहुत मदद की, विशेष रूप से तटीय कर्नाटक में उनसे बहुत मदद मिली।
नये सूचना एवं प्रसारण मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि यह श्री राहुल गांधी के कांर्ग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद लगातार तीसरी हार है। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। अब अगर समूचा विपक्ष एकजुट होना चाहता है तो हमारे लिए भी ये ठीक है कि देश की जितनी गंदगी है वो एक साथ हटे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।