भोपाल : विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों सभी मंत्रियों को जिले और प्रभार के जिलों में भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान विधायक और सांसदों से भी कहा गया था कि गांवों में डेरा डालें और सरकारी योजनाओं की ब्रांडिंग करें। इसके साथ ही सरकार ने योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए ब्यूरोक्रेट्स को भी सजग किया है।
ऐसा पहली बार हुआ है कि कलेक्टर से लेकर अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों का ऑफिशियल एकाउंट तैयार किए गए हैं। ये अधिकारी फेसबुक और ट्यूटर एकाउंट के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे। इस मसले पर कई जिला कलेक्टरों ने काम भी शुरू कर दिया है।
वहीं जनसंपर्क विभाग ने सभी कलेक्टरों, संभाग आयुक्त, विभाग प्रमुख और मंत्रालय में पदस्थ अधिकारियों के फेसबुक और ट्वीटर एकाउंट बनाए हैं। इसका मकसद है कि वे हर दिन अपने जिले तथा विभाग की गतिविधियों को प्रचारित करें।
कुछ कलेक्टर अपने पर्सनल एकाउंट पर एक्टिव हो गए हैं। सिंगरौली कलेक्टर अनुराग चौधरी तो प्रशासनिक खबरों को शेयर भी करने लगे हैं। कलेक्टर खंडवा अभिषेक सिंह, ओपी श्रीवास्तव मंदसौर, कौशलेंद्र विक्रम सिंह नीमच, राहुल जैन ग्वालियर, तरुण राठी शिवपुरी, बी. विजय दत्ता गुना, भास्कर लक्षकार मुरैना भी सक्रिय हैं। कुछ संभागीय कमिश्नर भी सोशल मीडिया में सक्रिय हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते दिवस भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल आगमन के दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग करें। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक-एक कार्यकर्ता तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का सहयोग लेने की बात भी कही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं से कहा कि वे गांव-गांव में जाकर लोगों को सोशल मीडिया से जोड़े और सरकार के कामकाज के बारे में बताएं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।