भोपाल : कांग्रेस के सीनियर नेता और मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ के महिलाओं को टिकट दिए जाने को लेकर दिए बयान पर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। महिलाओं को टिकट के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि पार्टी महिलाओं को टिकट सजावट के आधार पर नहीं दे रही है। इस पर भाजपा नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस नेता महिलाओं को सजावट की वस्तु के तौर पर देख रहे हैं तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी मानसिकता को दिखाता है। पार्टी ने चुनाव जीतने वाली महिलाओं को टिकट दिया है।
कमलनाथ ने भोपाल में पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह बात कही। उनसे पूछा गया था कि कांग्रेस ने महिलाओं को उम्मीदवार बनाने में कंजूसी क्यों की है। पार्टी ने 25 और भाजपा ने 27 महिलाओं को टिकट दिए हैं।
दूसरी ओर, भाजपा नेता और पूर्व विधायक राजो मालवीय ने कमलनाथ के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाएं मान-सम्मान से देखी जाती हैं। वे सजावट की वस्तु नहीं होतीं। दुर्भाग्य है कि कांग्रेस की मानसिकता इतनी निकृष्ट हो चुकी है कि वे महिलाओं को सजावट की वस्तुएं मानने लगे। कमलनाथ के बंगाल में महिलाओं को सजावट की वस्तु माना जाता होगा। मध्य प्रदेश में ऐसा नहीं है।
कमलनाथ की‘विकास’से लौट आने की अपील
कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के प्रमुख कमलनाथ ने आज सोशल मीडिया पर‘गुमशुदा विकास’से लौट कर मध्यप्रदेश आने की अपील की।
श्री कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि कांग्रेस गुमशुदा विकास से लौट आने की अपील कर रही है। किसी खोया-पाया विज्ञापन की तर्ज पर उन्होंने लिखा है कि मध्यप्रदेश में 15 वर्षीय विकास गुमशुदा है, जिसका रंग उड़ हुआ है, वह दुबला-पतला बीमारियों से ग्रसित, कुपोषण का शिकार है। वह मध्यप्रदेश छोड़ कर कहीं चला गया है।
उन्होंने‘विकास’से लौट कर आने की अपील करते हुए लिखा है कि कांग्रेस ने छिंदवाड़ में हमेशा तुम्हारा ख्याल रखा है। अब पार्टी ने पूरे प्रदेश में तुम्हे लाने की तैयारियां कर ली हैं, अब तुम्हें भटकना नहीं पड़गा। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस तुम्हें हर हाल में बुला लेगी और मध्यप्रदेश की तरक्की का परचम पूरे देश में फहराएगी।