पाकिस्तान अपनी हरकतों से कभी बाज आने वाला नहीं है। पाकिस्तानी सेना कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुकी है आज एक बार फिर पाकिस्तान सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू & कश्मीर के नियंत्रण रेखा से सटे नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने आज अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की।
पुलिस ने बताया कि सीमा पार से सुबह लगभग नौ बजे गोलीबारी शुरू हुई जो लगभग एक घंटे तक चली। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भारत के सैनिकों ने इसका जवाब दिया और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी दस बजे तक जारी रही। उन्होंने बताया कि इसमें किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
इससे पहले, 23 दिसंबर को पाकिस्तान के सैनिकों ने राजौरी के केरी सेक्टर में सीमा पार से गोलीबारी की थी जिसमें भारत के चार जवान शहीद हो गए थे और एक जवान घायल हो गया था। भारतीय जवानों ने 25 दिसंबर को रावलकोट के रुख चखरी सेक्टर में बदले की कार्वाई को अंजाम दिया था और तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। एक पाकिस्तानी जवान घायल भी हुआ था।
पाकिस्तानी सैनिकों ने 24 दिसंबर को पुंछ जिले के शाहपुर सेक्टर में अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था। जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस वर्ष संघर्ष विराम की कुल 881 घटनाएं हुई हैं जो बीते सात वर्ष में सर्वाधिक हैं। इन घटनाओं में 34 लोगों की जान गई है।
अधिकारियों के मुताबिक 10 दिसंबर तक पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का 771 बार उल्लंघन किया। नवंबर माह के अंत तक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का 110 बार उल्लंघन किया। सीमापार से गोलीबारी की घटनाओं में 30 लोगों की जान गई जिनमें 14 सेना के जवान, 12 आम नागरिक और चार जवान बीएसएफ के थे।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ