पटना : प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने केन्द्र पर युवाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया आल इंडिया चिराग पासवान यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष अजय पासवान के नेतृत्व में यूथ ब्रिगेड के पचास से अधिक पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग के सचिव बिहार प्रभारी डा. एस.पी. सिंह के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की ।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के गतिशील नेतृत्व एवं कांग्रेस महाअधिवेशन में उनके सम्बोधन से देश के युवा वर्ग आकर्षित होकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। श्री कादरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के वक्त प्रत्येक वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, मंहगाई कम करने, कालाधन वापस लाने जैसे अनेक वायदे किये थे। आज नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के चार वर्ष पूरे होने वाले हैं, लेकिन उन्होंने जनता से किये कोई वायदे पूरे नहीं किये।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा वर्ग बेरोजगारी से जूझ रहा है तथा केन्द्र सरकार उनकी समस्याओं से उदासीन है। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग के सचिव बिहार प्रभारी डा. एस. पी. सिंह ने कहा कि देश में कांग्रेस पार्टी का भविष्य उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी एवं आर.एस.एस. के इशारे पर काम कर रहे हैं।
डा. एस.पी.सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार कारपोरेट घरानों के निर्देश पर काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एच. के. वर्मा ने बताया कि डा.एस.पी.सिंह ने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग की कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की एवं प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के ंसंचालन के लिए 6 सदस्यीय संचलन समिति के गठन की घोषणा की।
संचालन समिति में नागेन्द्र कुमार विकल, राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, संजीव कुमार,श्रीमती प्रतिमा कुमारी दास, सुजीत मांझी एवं तारिणी ऋषिदेव शामिल किये गये हैं। श्री वर्मा ने बताया कि कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में अजय कुमार पासवान के अलावे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बबन कुमार, महासचिव सूरजभान सिंह एवं आर. के. सिंह शामिल हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।