केन्द्रीय कारागार ग्वालियर में सजा काट रहीं महिला कैदियों की 10 दिन की सजा माफ कर दी गई है। यह माफी अधीक्षक केन्द्रीय जेल श्री एन.पी. सिंह द्वारा कलेक्टर श्री राहुल जैन के कारागार निरीक्षण के दौरान महिला कैदियों के व्यवहार और कारागार की सुव्यवस्था के कारण दी गई है। अधीक्षक केन्द्रीय जेल श्री एन.पी. सिंह ने बताया कि केन्द्रीय जेल की महिला सेल में 159 महिलायें निरुद्ध हैं। जिनमें से 98 महिला बंदियों को न्यायालयों द्वारा दोषी करार दे दिया गया है तथा 61 बंदियों के प्रकरण न्यायालयों में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय कारागार में सजाआफ्ता महिला कैदियों को स्वरोजगार गतिविधियों से जोडऩे का काम किया जा रहा है। उनके द्वारा बनाई गईं कलाकृतियों विशेषकर पेपरमेसी और मिट्टी के गणेश की कृतियों को कलेक्टर द्वारा विशेष सराहा गया। उन्होंने महिला कैदियों द्वारा पेपरमेसी, से तैयार किया गया एक टेबिल लैम्प क्रय भी किया। श्री सिंह ने बताया कि जेल में निरूद्ध कैदियों द्वारा तैयार की गई सामग्री का विक्रय खुले बाजार में किया जाता है और उससे प्राप्त होने वाली आय से उन्हें मेहनताना प्रदान किया जाता है।