नई दिल्ली : ट्रेन में सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। ट्रेन का टिकट बुक करने वाले यात्रियों को हर बार कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता, लेकिन आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर एक अनुमान जताने वाली सेवा शुरू की जा रही है। इससे यात्रियों को पता चल सकेगा कि उनकी प्रतीक्षा सूची के टिकट के कन्फर्म होने की कितनी संभावना रहेगी।
आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट लाइव हो रही है. इससे यात्रियों को अपनी प्रतीक्षा सूची के टिकट के कन्फर्म होने की संभावना की जानकारी मिल सकेगी। यह सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (सीआरआईएस) द्वारा विकसित नए एल्गोरिद्म पर आधारित होगा। रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘प्रतीक्षा सूची के बारे में अनुमान जताने वाले नए फीचर के अनुसार बुकिंग ट्रेंड के आधार पर कोई इस बात का अनुमान लगा सकता है कि प्रतीक्षा सूची वाले या आरएसी टिकट के कन्फर्म होने की कितनी संभावना है। हम पहली बार अपने पैसेंजर ऑपरेशन और बुकिंग पैटर्न का डेटा माइन करेंगे।’
पुराने आंकड़ों के संग्रह का विश्लेषण करके नई सूचना जुटाने की प्रक्रिया को डेटा माइनिंग कहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह विचार रेल मंत्री पीयूष गोयल ने दिया था। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले साल आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर यह सेवा शुरू करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक साल का वक्त दिया था।
रेलवे की स्कीम, कन्फर्म नहीं हुआ टिकट तो भी करें ट्रेन सफर
टिकट कन्फर्म होने का इंतजार करते लोगों को लिए रेलवे की खास स्कीम शुरू की गई है। दरअसल, भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। ट्रेन के टिकट बुक कराते वक्त अगर किसी वजह से यात्री का टिकट वेटिंग लिस्ट में है तो रेलवे ऐसे यात्री को एक ऑप्शन देगा। इस ऑप्शन की मदद से यात्री बिना टिकट कन्फर्म हुए भी ट्रेन में यात्रा कर सकता है। इसके लिए कोई अलग से चार्ज भी नहीं लिया जाएगा।
रेलवे ने इस सुविधा का नाम ‘विकल्प’ रखा है। टिकट कन्फर्म नहीं होने की स्थिति में रेलवे यात्रियों को एक नया विकल्प देता है। इसके तहत उन्हें यह सुविधा दी जाती है कि अगर उस ट्रेन में टिकट कन्फर्म नहीं हुई तो उन्हें किसी अन्य ट्रेन में कन्फर्म टिकट दी जाएगी। आपको यह सुविधा चाहिए या नहीं, इसके लिए आपको टिकट बुक करते समय इसे चुनना होगा।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



