करनाल : बीती आधी रात को एक व्यक्ति की पुलिस थाने में हिरासत के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सुबह कुछ लोगों ने सिटी थाने में भारी तोड़फोड़ की। गुस्साए लोगो ने थाने में खड़ी एसएचओ समेत कई कारों को पत्थरों और लाठियों से तोड़ डाला। वहाँ खड़ी बाईके भी तोड़ दी गई। एसएचओं के कमरे में भी भारी तोड़फोड़ हुई। थाने में मौजूद एसएचओ और तमाम पुलिस कर्मी डर के मारे छत पर चढ़ गए। अपने बचाव में पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हवाई फायरिंग होते ही हमलावर वहाँ से फरार हो गए। हमलावर यहीं नहीं रूके बल्कि बाहर आकर उन्होंने सब्जीमंडी स्थित पुलिस बुथ फोड़ डाला। इसके बाद कमेटी चौंक पर उन्होंने पुलिस की जिप्सी पलट दी। बाद में सैंकडों लोग मैडिकल कॉलेज पहुंच गए।
जहाँ उन्होंने फिर तोडफोड़ करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने लाठियां भांज दी। इसके बाद परिजन मर्चरी हाऊस से शव को बाहर लेकर आ गए। उन्होने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। बाद में वह शव के साथ नीचे ही बैठ गए। इसके बाद कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उन्हें मनाने पर जुट गए। बाद में उन्हें भरोसा दिलाया गया कि इस मामले की मैजिस्ट्रेट जांच होगी और जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। बाद में तीन डॉक्टरों का पैनल-बोर्ड गठित किया गया। डॉकटरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। इधर नियुक्त किए गए मैजिस्ट्रेट ने परिजनों के ब्यान दर्ज कर लिए हैं। इधर पुलिस ने सिटी थाना में तैनात हैडकांस्टेबल प्रदीप, बलवंत, गुरूबख्श समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
एसपी बोले : कोई मारपीट नहीं की गई थी हिरासत में लिए गए व्यक्ति से इधर एसपी सुरेन्द्र सिेह भौरिया ने कहा कि हिरासत में लाए गए व्यक्ति से पुलिस ने कोई मारपीट नहीं की। उन्होंने कहा कि जेबा सिंह की तबीयत रात को अचानक खराब हो गई थी। उसे अस्पताल भी ले जाया गया। लेकिन उसने दम तोड दिया। उन्होने कहा कि पुलिस थाने में बकायदा इसकी रिकॉर्डिंग है। उनके परिजन भी साथ थे। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। मैजिस्ट्रेट जांच हो रही है। पोस्टमार्टम की रिर्पाट भी आ जाएगी। जो भी दोषी होगा कार्यवाही की जाएगी।
यह था मामला : दरअसल पुलिस ढेहा बस्ती के रहने वाले जेबा सिंह को नशे की तस्करी के आरोप में पूछताछ के लिए रात को सिटी थाने ले आई थी। रात को ही परिजन भी वहां पहुंच गए थे। लेकिन इसके बाद अचानक उसकी मौत हो गई। उसे अस्पताल भी भेजा गया। लेकिन डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजनो ने रात को जमकर हंगामा किया। इसके बाद रात को ही पुलिस दल भी तैनात किया गया। मगर सुबह लोगो ने तोड़फोड़ कर दी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– हरीश चावला