गुरुग्राम : हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला तथा हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों के साथ गुरुग्राम के सैक्टर-41 में पार्टी के नए जिला कार्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन एवं हवन किया। इस मौके पर उपस्थित भाजपा के सैंकड़ो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बराला ने कहा कि आज के दिन हरियाणा प्रदेश में भाजपा के 11 कार्यालयों का भूमि पूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी पार्टी कार्यालय अगले लोकसभा चुनाव से पहले बनकर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में आजीवन सहयोग निधि का अभियान चलाया हुआ है। बराला ने आशा जताई कि हर कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के निर्माण में आहुति डालेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी सरकार की जन कल्याण की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में सहयोग दें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित ना रहे। बराला ने कहा कि आज हर बूथ तक हमारा संगठन पहुंच चुका है और आईटी के माध्यम से जन कल्याण की सभी योजनाएं बूथ के स्तर तक पहुंचा दी गई हैं। बराला ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डाला और कहा कि जनसंघ के रूप में 11 सदस्यों से शुरू हुई इस पार्टी के अब 11 करोड़ सदस्य हो गए हैं। हरियाणा में भाजपा के सदस्यों की संख्या 32 लाख है जो किसी भी राजनितिक दल से ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि यह हजारो हजार कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि आज भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनितिक दल बन गया है। आज मैंबर पंचायत से लेकर संसद सदस्य तक भाजपा के लोग हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी को चलाने के लिए मूलभूत आवश्यकताएं संजोने पर ध्यान दिया है और अपने कार्यालय होने का जो सपना भाजपा तथा जनसंघ के नेताओं ने संजोया था वह अब पूरा होने जा रहा है। श्री बराला को गांव सिलोखरा के कृष्ण, मुकेश शर्मा, अशोक शर्मा, अमित शर्मा, पप्पु सेठी आदि ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।
– सतबीर, अरोड़ा