जींद : कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने अपने ताऊ एवं भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के गृह हल्के उचाना से खून का रिश्ता करार देकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान जो कार्य इस इलाके में हमने करवाएं थे, उसका श्रेय आज भाजपा के कुछ स्थानीय नेता ले रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा की नीति में विकास कराना है और जब दोबारा सत्ता में आएंगे तो पहले की भांति उचाना में विकास कार्य कराएंगे।
उन्होंने कहा कि जनक्रांति यात्रा में उमड़ रही लाखों लोगों की भीड़ से सत्ता पक्ष के साथ-साथ इनेलो नेताओं की नींद उड़ गई है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में 22 जुलाई से जनक्रांति यात्रा का चौथा चरण टोहाना से शुरू होगा। इस यात्रा को लेकर हर वर्ग के लोगों में उत्साह है। आज भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है। भाजपा के सत्ता के नशे को आने वाले लोकसभा, विधानसभा चुनाव में मतदाता तोडऩे का काम करेंगे।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के प्रदेश को दोबारा से फिर खुशहाल प्रदेश बनाया जाएगा। सांसद दीपेंद्र हुड्डा, दुर्जनपुर गांव में बसाऊ राम के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व विधायक भाग सिंह छात्तर, वीरेंद्र घोघडिय़ा, जुलाना से पार्टी प्रत्याशी रहे प्रो. धर्मेंद्र ढुल, सुरेश गोयत झांझ, प्रदेश सचिव जगबीर ढिगाना, ऋषिपाल हैबतपुर, जिला पार्षद सतपाल उर्फ सत्तू, महावीर कंप्यूटर, सुरेश देव कौशिक, राममेहर पाथरी, सुनील जुलानी, दलबीर रेढू, दीपक पिंडारा, जगदीश बीबीपुर, विजेंद्र ढाढरथ आदि कांग्रेसी कार्यकत्र्ता मौजूद थे। इस अवसर पर इनेलो सक्रिय कार्यकर्ता बसाऊराम ने अपने परिवार और सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सांसद दीपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में आस्था जताई। सांसद हुड्डा ने कहा कि आज इनेलो, भाजपा में भगदड़ मचने लगी है।
जनक्रांति यात्रा को मिल रहा लोगों का अपार जन समर्थन से प्रदेश से लेकर चंडीगढ़ तक चर्चा हो चली है कि कांग्रेस सत्ता में आ रही है। आज भाजपा, इनेलो के नेता, कार्यकर्ता निरंतर कांग्रेस में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में शामिल हो रहे है। भाजपा ने हमेशा तोडऩे का काम किया है। कभी लोगों को धर्म के नाम पर बांटा तो कभी जात-पात के नाम पर बांटा। अब लोग इनके बहकावे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को लालच देकर और अच्छे दिन के वायदे देकर सत्ता प्राप्त करने का काम किया था।
मगर जब भाजपा सत्ता में आई तो लोगों के लिए अच्छे दिन तो नहीं लाई मगर बुरे दिन जरूर लाकर खड़े कर दिए। सासंद ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की मनोहर लाल सरकार ने भी जनता का मंहगाई से बुरा हाल कर दिया है। चारों तरफ इस मंहगाई से हाहाकार मचा हुआ है। पैट्रोल, डीजल के दाम आसमान पर होने के कारण लोग काफी परेशान है। सांसद ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पूर्व जो भी वायदे किए थे उन सभी वायदों से पलटने का काम मुख्यंमत्री ने किया है।
– संजय शर्मा