मानेसर: आइएमटी मानेसर के सेक्टर एक स्थित मकान में आग लग गई। आगर लगने से एक लड़की हो हल्की चोट आई है। दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सेक्टर एक में रहने वाले शशि यादव ने बताया कि सेक्टर में 514 नंबर प्लॉट में बने मकान में एसी फटने से आग लग गई। इस मकान में लड़कियों का पीजी चल रहा है। आग के बीच एक लड़की फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने उस लड़की को पीजी से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। पीजी में आग लगने की सूचना पाकर आसपास के काफी लोग वहां पहुंच गए। सूचना मिलते ही मानेसर दमकल केंद्र से भी दमकल और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाया गया।
इससे पहले भी आइएमटी मानेसर में कई बार कंपनियों में आग लग चुकी है। मंगलवार को भी सेक्टर आठ में हेलमेट बनाने वाली एक कंपनी में आग लग गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी सेक्टर में पीजी चलाने से इस प्रक्रार की घटनाएं हो रही हैं। इस बारे में कई बार शिकायतें भी की गई हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आग लगने से मकान का प्रथम फ्लोर पूरी तरह से जल गया और दूसरे फ्लोर भी काफी नुकसान हुआ। आग लगने से पीजी में रहने वाली लड़कियां बाहर निकल आई और कुछ लड़कियां तो कंपनियों में कार्य करने और पढ़ाई के लिए जा चुकी थी। एक लड़की को ही हल्की चोट आई है। निवासियों ने कहा कि लगातार शिकायत की जा रही हैं लेकिन पीजी हाउस में किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम नही किये जा रहे।
(संदीप यादव)