इन्द्री: यमुनानदी में ताजेवाला हेड से एक लाख 30 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया और वीरवार की सुबह वह पानी इंद्री क्षेत्र को क्रॉस करेगा। इसको लेकर प्रशासन ने यमुना नदी क्षेत्र के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि यमुना में इतना पानी होने से खत्तरे वाली कोई बात नहीं है। यमुना नदी में दो लाख क्यूसिक से अधिक पानी आने पर खत्तरा होता है। इससे पहले यमुना में कम ही पानी बह रहा है।
विभाग के एसडीओ नितिन भट्ट ने कहा कि बुधवार की शाम चार बजे यमुनानदी में एक लाख 30 हजार क्यूसिक पानी ताजेवाला हेड पर दर्ज किया गया है और वह पानी वीरवार की सुबह करीब पांच-छह बजे इंद्री क्षेत्र में पहुंचेगा। प्रशासन को सूचित कर दिया गया है। खत्तरे वाली कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यमुना क्षेत्र के गांवों में मुनादी करवाने के लिए सरपंचों आदि को बोल दिया गया है। इन्द्री की एसडीएम मनीषा शर्मा ने कहा कि इंद्री क्षेत्र में यमुना के अंदर पानी सुबह पहुंचेगा। यमुना क्षेत्र में लोगों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन के पूरे इंतजाम हैं। नाव पहले से ही प्रशासन ने तैयार कर रखी हैं लेकिन इतने पानी से कोई खत्तरे वाली बात नहीं है।
– नरेन्द्र धूमसी