गुरुग्राम : यहां सनसिटी में एक महिला की उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर में ही छिपा दिया। बताया जा रहा है कि पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण उसने उसकी हत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार यहां सनसिटी रिहायशी सोसायटी में बीपीएल के फ्लैट में राजस्थान निवासी महेश अपनी पत्नी सीमा के साथ रहता था। उसने किसी बात पर कहासुनी होने पर पत्नी सीमा की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था।
इसके बाद वे यहां आकर रहने लगे। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी के चलते महेश ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में महेश ने बताया है कि उसे अपनी पत्नी पर शक था कि उसका चाल-चलन सही नहीं है। इसी शक के आधार पर उसने हत्या कर दी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सतबीर भारद्वाज