नई दिल्ली : भारतीय सेना ने अपने दो सैनिकों के सिर काटे जाने का पाक को करारा जवाब दिया है और एलओसी पार एंटी गाइडेड मिसाइल दाग कर पाक सेना के कई बंकरों को उड़ा दिया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भारत ने छह मई को इस हमले को अंजाम दिया है जिसका विडियो सोमवार को सामने आया है। भारतीय सेना ने जम्मू के नौशेरा सेक्टर में सीमा पार बने पाक बंकरो को निशाना बनाया है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में पाक सेना के कई बंकर ध्वस्त हुए है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की तरफ पहले सीजफायर का उल्लंघन किया गया था। जिसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने सीमा पर बने पाकिस्तानी बंकरों को निशाना बनाया। जानकारी है कि भारतीय सेना की तरफ से सात पाकिस्तानी बंकरों को निशाना बनाया गया। हालांकि ये वीडियो कब शूट किया गया है, इस बात की अभी कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि पिछले हफ्ते ही जम्मू के मेंढर सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ मोर्टार दागे गए थे। पाकिस्तान के इस अटैक में दो भारतीय जवान शहीद हो गए थे। इतना ही नहीं भारतीय जवानों के शवों के साथ बर्बरता भी की गई थी। बीते 1 मई को जम्मू के मेंढर सेक्टर में पाकिस्तान ने एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन किया था।
पाकिस्तानी की तरफ मोर्टार दागे गए थे। जिसमें दो भारतीय जवान शहीद हो गए थे। पाकिस्तान की बैट टीम ने दोनों भारतीय जवानों के साथ बर्बरता भी की थी। इसके बाद भारत ने एलओसी के उस पार मौजूद पाक सेना की उन चौकियों को ध्वस्त कर दिया था जिनसे बॉर्डर एक्शन टीम के सदस्यों की घुसपैठ के लिए उनको कवर फायर दिया गया था। बताया गया था कि इस जवाबी कार्रवाई में 7 पाकिस्तानी सैनिक भी मारे गए। जवानों की शहादत के बाद रक्षा मंत्री समेत आर्मी चीफ ने खुले तौर पर कहा था कि पाकिस्तान को उसी के अंजाम में माकूल जवाब दिया जाएगा।