प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर के दौरे से एक दिन पहले पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया गया। जम्मू में आज तड़के सीमा से लगी चौकियों और गांवों में पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से की गई भारी गोलाबारी में बीएसएफ के एक जवान और चार नागरिकों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीसरे दिन गोलाबारी और गोलीबारी हुई है। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू कश्मीर के कल होने वाले आधिकारिक दौरे से एक दिन पहले हुई है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू के आर एस पुरा , बिश्नाह , अरनिया सेक्टरों में देर रात करीब एक बजे से मोर्टार दागना और गोलीबारी करना तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने हमलों का जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि शहीद जवान की पहचान 192 बटालियन के 28 वर्षीय कांस्टेबल सीताराम उपाध्याय के तौर पर हुई है। वह जब्बोवाल सीमा चौकी पर रात करीब डेढ़ बजे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जम्मू के जीएमसी अस्पताल ले जाते समय उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
अधिकारी ने बताया कि वह झारखंड के गिरीडीह के रहने वाले थे और 2011 में बल में शामिल हुए थे। उपाध्याय के परिवार में तीन वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी है। अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ के सहायक उप – निरीक्षक पित्तल सीमा चौकी पर घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त अरुण मनहास ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि आर एस पुरा और अरनिया सेक्टरों में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलाबारी एक दंपति सहित चार लोग मारे गए और 12 अन्य लोग घायल हो गए।
आर एस पुरा के एसडीपीओ साहिल पराशर ने बताया कि गोलाबारी ग्रस्त इलाकों से घायलों को निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस बुलेटप्रूफ वाहनों का इस्तेमाल कर रही है। गोलाबारी के मद्देनजर प्रशासन ने आश्रय स्थलों को सक्रिय कर दिया है। बहरहाल , कठुआ और सांबा जिलों में गोलाबारी थम गई है।
अधिकारी ने कहा , ‘‘ कठुआ और सांबा जिलों में कल से सीमा – पार से कोई गोलाबारी या गोलीबारी नहीं हुई है।’’ जम्मू – कश्मीर के कठुआ और सांबा जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कल पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा 15 सीमा चौकियों पर गोलीबारी और गोला दागने की घटना में बीएसएफ के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गए थे। सांबा सेक्टर में 15 मई को पाकिस्तानी सैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने में घुसपैठियों की मदद करने के लिए संघर्ष विराम का उल्लंघन कर अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। इस घटना में बीएसएफ का 28 वर्षीय एक जवान शहीद हो गया था। सैनिकों ने 12 मई से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की चार कोशिशें नाकाम की हैं।
बांदीपोरा के हाजिन में गश्ती दल पर हमला
वहीं बांदीपोरा के हाजिन में आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने सेना के गश्ती दल पर हमला किया है। बांदीपोरा में जवानों पर फायरिंग कर आतंकी भाग निकले। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके का घेराव किया है। बता दें कि पीएम मोदी के जम्मू- कश्मीर दौरे से पहले PAK ने सीजफायर उल्लंघन किया है। पीएम मोदी 19 मई को जम्मू- कश्मीर जाएंगे।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर कुपवाड़ा जिले में सीजफायर उल्लंघन किया था। जहां केरन सेक्टर में एलओसी पार से फायरिंग की गई। इस फायरिंग में रिहायशी इलाकों के लोग चपेट में आए गए थे। पाकिस्तान की इस हिमाकत का भारत ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। सेना की तरफ से जवाबी फायरिंग की गई। बता दें कि पाकिस्तान हमेशा सीमा पार से सीजफायर का उल्लंघन करता रहता है। जिसमें जवानों के साथ स्थानीय नागरिक भी उनकी गोलियों का शिकार हो जाते हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।