जम्मू : जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने आज संघर्षविराम उल्लंघन कर जम्मू कश्मीर के पुंछ जिला में नियंत्रण रेखा से सटी अग्रिम चौकियों एवं गांवों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे तथा गोलीबारी की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारतीय सेना पाकिस्तानी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। पाकिस्तान की तरफ से शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे फायरिंग शुरू हुई। पाकिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में मारे गए दोनों लोग पति-पत्नी बताए जा रहे हैं।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के छोटे एवं स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी तथा सुबह साढ़े छह बजे पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटी भारतीय सेना की चौकियों पर मोर्टार दागे।
पाकिस्तान की ओर से जून माह में संघर्षविराम की 23 घटनाएं, पाकिस्तान के विशेष दस्ते का एक हमला और घुसपैठ की दो घटनाएं हुई हैं, जिनमें तीन जवान शहीद होने के साथ चार लोगों की मौत हो गयी थी तथा 12 अन्य घायल हो गये थे।
पिछले साल भारतीय सेना ने हिजबुल आतंकवादी बुरहान वानी को मार गिराया था तभी से घाटी का माहौल बेहद ही तनावपूर्ण है। वहीं बुरहान के मरने के बाद पाकिस्तान की तरफ से भी कई बार सीजफायर का उल्लंघन हुआ है। बुरहान वानी की बरसी पर घाटी में माहौल खराब ना हो इस वजह से भारी संख्या में सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।