मराठी, गैर मराठी की राजनीति करने वाली राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के कार्यकर्ताओं पर उत्तर भारतीयों पर हमले का आरोप लगा है। एमएनएस के कार्यकर्ताओं का गैर मराठियों की पिटाई का एक वीडियो सामने आया है। जिसमे मंगलवार को एमएनएस के कार्यकर्ता हाथ में लाठी लेकर सड़कों पर उतरे और सामने जो भी उत्तर भारतीय दिखा उसकी बेरहमी से पिटाई करने लगे। यहां तक कि लोगों की डंडे और लात-घूसों से भी पिटाई की गई। कई उत्तर भारतीय हमले के बाद पालयन करने को मजबूर हो गए हैं।
#WATCH MNS workers beat up non-Maharashtrians in Sangli’s
MIDC Kupwad demanding preference to local youth for jobs in the area’s industries pic.twitter.com/xtMRAHWbSD— ANI (@ANI) October 11, 2017
एमएनएस के कार्यकर्ताओं ने अपनी इस मुहिम को ‘लाठी चलाओ भैय्या हटाओ’ नाम दिया है। पिटाई करने वालों का आरोप है कि सांगली स्थित एमआईडीसी में गैर मराठियों को नौकरी दी जा रही है। यहां 80 फीसदी नौकरी सिर्फ और सिर्फ मराठी लोगों को दी जाए। पर-प्रांतीयों की वजह से जुर्म भी बढ़ने का आरोप एमएनएस लगा रही है।
एमएनएस की गैर मराठियों पर हमला करने की यह पहली घटना नहीं है। 2008 में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश और बिहार से आए कई लोगों पर हमले किए थे। सितंबर 2016 में भी एमएनएस कार्यकर्ताओं ने मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक गैर मराठी शख्स से फल की रेहड़ी न लगाने देने को लेकर मारपीट की थी।