लोजपा सांसद और दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचन्द्र पासवान ने कहा है कि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनना तय है।
रामचन्द्र पासवान ने आज यहां समस्तीपुर शहर के नगर भवन में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली राजग सरकार में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राजग सरकार के चार वर्षों के शासनकाल में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शानदार प्रगति हुई है जिसका उदाहरण देश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक करोड़ घरों का निर्माण और उज्जवला योजना द्वारा तीन करोड़ आठ लाख गरीब महिलाओं को एलपीजी का कनेक्शन देने समेत अन्य उल्लेखनीय कार्य शामिल है।
लोजपा सांसद ने दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भी राजग गठबंधन को बहुमत से भी अधिक सीटें आयेगी। वर्तमान दौर में नरेन्द, मोदी का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कार्यकताओं से सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्ववान किया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और लोजपा का गठबंधन मजबूत है और आगे भी यह गठबंधन कायम रहेगा।
रामचन्द्र पासवान ने कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। तैयारियों के तहत पार्टी लोकसभा क्षेत्रों मे बूथ स्तरीय कमिटी तैयार करने के साथ -साथ जन जागरण अभियान चला रही है।
सम्मेलन को लोजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शाहनवाज कैफी, लोजपा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशध्यक्ष नीलम सिन्हा, लोजपा पंचायती प्रकोष्ठ के प्रदेशध्यक्ष रंजीत यादव,लोजपा किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर राय समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।