डालटनगंज : झारखंड के नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे राज्यव्यापी अभियान में पलामू पुलिस ने ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के जोगा गांव से प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली राम सुन्दर राम उर्फ आलोक जी उर्फ वजन जी उर्फ मक्खन जी को गिरफ्तार कर लिया।
पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) विपुल शुक्ला ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्वर्गीय सुकन राम का पुत्र हार्डकोर नक्सली राम सुन्दर राम उर्फ आलोक जी ऊंटारी थाना क्षेत्र के जोगा स्थित अपने घर आया हुआ है।
इस सूचना पर गढ़वा के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सदन कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी जिसने घेराबंदी कर आलोक जी को उसके घर से कल देर शाम गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार नक्सली पर सरकार ने दस लाख रूपये का इनाम घोषित कर रखा था। श्री शुक्ला ने बताया कि राम सुन्दर राम भाकपा माओवादी संगठन से 1988 में जुड़ा। वह बिहार -झारखंड स्पेशल एरिया कमिटी के सदस्य भी बना।
संगठन में उसने एरिया कमांडर और जोनल कमांडर पद की भी कमान संभाली। पहली बार 1999 में वह गढ़वा से जेल गया और 2003 में बाहर आया। दो वर्ष के पश्चात 2005 में वह पुन: भाकपा माओवादी संगठन में शामिल हो गया। 2008 में उसे पुन: गढ़वा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इसके बाद 2011 में वह पुन: जेल से बाहर आया। डीआईजी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पलामू और गढ़वा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हैदरनगर और हुसैनाबाद में भी उसके खिलाफ तीन संगीन कांड दर्ज हैं। वैसे तो राम सुन्दर राम उर्फ आलोक जी झारखंड और बिहार के कई क्षेत्रों में सक्रिय रहे, लेकिन उनका मुख्य कार्यक्षेत्र पलामू और गढ़वा के अलावा सीमावर्ती इलाका रहा है।
– (वार्ता)