गुजरात में जारी चुनावी घमासान के बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन पटेल ने आज कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जीएसटी को लेकर अगर इतने ही चिंतित है तो वह गुजरात को छोड़ अन्य राज्यों के व्यापारियों से इतनी तत्परता से क्यों नहीं मिल रहे।
नितिन पटेल ने आरोप लगाया कि राहुल का जीएसटी को लेकर अचानक गुजरात के व्यापारियों के प्रति प्रेम उमडना असल में चुनावी कारणों से हैं। उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में सवालिया लहजे में कहा कि जीएसटी तो पूरे देश में एकसमान तरीके से लागू हैं और अगर कांग्रेस के दावे के अनुरूप इससे व्यापारियों को तकलीफ है तो अन्य राज्यों में भी होगी। ऐसे में राहुल जी क्यों केवल चुनाव के समय में गुजरात में जोर शोर से जीएसटी की बात कर रहे हैं और व्यापारियों से मिल रहे हैं। वह अन्य राज्यों के व्यापारियों से क्यों नही मिल रहे।
ज्ञातव्य है कि राहुल गांधी ने राज्य में दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जीएसटी को अपनी पार्टी का एक प्रमुख चुनावी मुद्दा बना दिया है। वह अपनी चुनावी सभाओं में इसे जोर शोर से उठाते हैं। कांग्रेस राज्य में व्यापारियों के साथ इस मुद्दे पर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम व्यापारियों को संबोधित कर चुके हैं। स्वयं श्री गांधी भी इसको लेकर आज गुजरात की प्रमुख औद्योगिक नगरी सूरत के व्यापारियों और कारीगरों से सीधी मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने अपने हालिया गुजरात दौरों पर भी व्यापारियों के साथ इस मुद्दे पर विशेष संवाद सत्रों में भी शिरकत की थी।