नई दिल्ली : भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी अमेरिका से एंटीगुआ चला गया है और उसने कैरेबियाई देश का पासपोर्ट ले लिया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि इंटरपोल की ओर से जारी नोटिस के जवाब में एंटीगुआ के अधिकारियों ने प्रवर्तन निदेशालय को सूचित किया है कि चोकसी इस माह वहां पहुंचा है और उसे उस देश का पासपोर्ट मिल गया है।
बता दें कि मेहुल चोकसी जनवरी के पहले सप्ताह में देश से फरार हो गया था। सीबीआई ने बैंक घोटाला मामले में चोकसी के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं और उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए हैं। मेहुल चोकसी बैंक घोटाला मामले के आरोपी नीरव मोदी का मामा है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है।
सीबीआई ने पंजाब नेशनल बैंक में दो अरब डॉलर के घोटाले के मास्टरमाइंड में से एक गीतांजलि समूह के प्रमोटर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया था। इस आधार पर जून में रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया गया था।
उन्होंने बताया कि इंटरपोल चोकसी के भांजे नीरव मोदी और उसके भाई निशाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है वहीं चोकसी के खिलाफ इसी प्रकार के नोटिस का अनुरोध इंटरपोल के समक्ष लंबित है। आरसीएन जारी होने का मतलब है कि लियोन स्थित अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग एजेंसी के सदस्य देश उसे गिरफ्तार कर प्रत्यर्पित कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



