छत्तीसगढ़ में बोले राहुल – कालाधन वापस लाने के नाम पर लोगों का बेवकूफ बनाया गया

Summary :

राहुल ने कहा कि आप पूछोगे कि भईया.. 526 करोड़ का जहाज 1600 करोड़ में क्यों खरीदा ? इसलिए क्योंकि एचएएल से कांट्रैक्ट छीनकर अनिल अंबानी को दिला दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ के दौरे पहुंच चुके हैं। राहुल ने छत्तीसगढ़ के कांकेर में जनसभा को संबोधित किया। रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। इस चुनावी रैली में राहुल ने राफेल में कथित घोटाले और नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने कुछ बिजनेसमैन मित्रों का 3 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज माफ किया, लेकिन किसानों के लिए कुछ नहीं किया। राहुल ने कहा कि नीरव मोदी, विजय माल्या, मेहुल चोकसी देश का पैसा लेकर भाग गया। विजय माल्या देश छोड़ने से पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिलकर गया था। राफेल सौदे पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि इस सौदे से जनता का तीस हजार करोड़ रुपये घोटाले की भेंट चढ़ गया।

उन्होने कहा कि हमारी (यूपीए) सरकार ने 136 राफेल जहाज खरीदने का सौदा किया था। तय हुआ था कि एक जहाज की कीमत 526 करोड़ होगी और यह विमान हिंदुस्तान एयरोनोटिक्स लिमिटेड (HAL) से बनवाएंगे। मगर सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं सौदे के रेट बदल दिए। 526 करोड़ का हवाई जहाज 1600 करोड़ में खरीदा।

प्रधानमंत्री के सूट-बूट वाले मित्रों का कालाधन सफेद करने की योजना थी नोटबंदी : राहुल

सभा में मौजूद लोगों से सवाल करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आप पूछोगे कि भईया.. 526 करोड़ का जहाज 1600 करोड़ में क्यों खरीदा ? इसलिए क्योंकि एचएएल से कांट्रैक्ट छीनकर अनिल अंबानी को दिला दिया। अनिल अंबानी ने अपनी पूरी जिंदगी में कभी हवाई जहाज नहीं बनाया, मगर सरकारी कंपनी एचएएल जो 70 साल से जहाज बना रही थी, उससे कांट्रैक्ट छीनकर अंबानी को दे दिया। राहुल ने कहा कि आपको पता भी नहीं लगा कि आपका 30 हजार करोड़ रुपये घोटाले की भेंट चढ़ गया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि कालेधन की बात कहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी कर दी। देश के लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया। इससे सिर्फ चौकीदार के दोस्तों का भला हुआ था और किसी का भला नहीं हुआ। आपसे पूछना चाहता हूं कि आप लोग लाइन में लगे थे। हर गरीब व्यक्ति हिंदुस्तान का किसान, मजदूर, बच्चे सब बैंक के सामने खड़े थे। मगर आपने क्या किसी कालेधन वाले को लाइन में लगते हुए देखा।

उन्होंने आगे कहा कि कालाधन वापस लाने के नाम पर लोगों का बेवकूफ बनाया गया। राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने लोगों को चूना लगाने वाली कंपनियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि आम लोगों का पैसा छीनकर 15 उद्योगपतियों को दे दिया गया।

बता दें कि इसके बाद राहुल राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ में तथा जिले की दूसरी जनसभा डोंगरगढ़ में संबोधित करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के चुनाव क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचेंगे और वहां रोड शो करेंगे। इसके अलावा राहुल गांधी राजनांदगांव में ही रात्रि विश्राम भी करेंगे। अगले दिन यानी 10 नवंबर को वह चारामा में जनसभा संबोधित करेंगे। उनकी दूसरी जनसभा कोंडागांव में होगी।

Desk Team