राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने आज वसुंधरा राजे पर हमला बोलते हुए कहा कि बाड़मेर जिले के पचपदरा में रिफाइनरी की स्थापना में चार साल की देरी के लिए वसुंधरा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
अशोक गहलोत ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने पहले चार साल तक काम बंद करने का पाप कर जनता में भ्रम फैलाया गया। इस सरकार ने इस मामले में चार साल बर्बाद कर दिये। इतने समय में रिफाइनरी बन जाती और प्रधानमंती इसका उद्घाटन करने आते। कई पेट्रो केमिकल इकाईयां लग जातीं जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलता।
उन्होंने श्रीमती राजे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस की बनाई योजनाओं को बंद कर दिया क्योंकि उन्हें लगता है कि इसका श्रेय कांग्रेस को नहीं मिल जाये। यह उनकी सामंती सोच है जिसकी वजह से समस्यायें पैदा हो रही हैं।
उन्होंने वसुंधरा राजे पर आरोप लगाय कि वह पूर्वाग्रह ग्रस्त होकर कार्य कर रही हैं। नकारात्मक सोच की वजह से वह सुशासन नहीं दे पाईं।
इससे पहले विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी ने राज्य की स्थिति खराब बताते हुए कहा कि राज्य का हर वर्ग दुखी है। किसानों के कर्जे माफ नहीं किये जा रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित गुजरात और उत्तर प्रदेश में किसानों के कर्जे माफ किये गये हैं। कानून व्यवस्था चौपट हो गई है, स्थिति यह है कि थाने के सामने ही हत्या हो जाती है और पुलिस को पता ही नहीं चल पाता।
बलात्कार की घटनायें बढ़ रही हैं। शिक्षा के हाल बेहाल हैं, विद्यालयों को निजी क्षेत्र में दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपने दायित्वों का निर्वाह नहीं कर रही है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।