झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज कहा कि अब रांची झील (बड़े तालाब) का नाम स्वामी विवेकानंद सरोवर होगा। श्री दास ने यहां राष्ट्रीय युवा दिवस पर रांची झील (बड़े तालाब) के मध्य टापू पर स्वामी विवेकानंद की वृहद प्रतिमा का अनावरण और सौंदर्यीकरण का उद्घाटन करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि अब बड़ तालाब का नाम स्वामी विवेकानंद सरोवर होगा।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने समरस समाज और भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना देखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।
विवेकानंद के आदर्श पर चलकर बनेगा समृद्ध राष्ट्र : शत्रुघ्न सिन्हा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति ने देश को काफी पीछे कर दिया है। प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र पर अब देश चल पड़ है। अब हर किसी को बिना जात-धर्म पूछे योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास की बाट जोह रहे शोषितो, वंचितों को उनका हक मिल रहा है। देश के करोड़ बेघर लोगों को घर मिल रहा है।
श्री दास ने कहा कि गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही वास्तविक विकास है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार यही काम कर रही है। हजारों नौजवान डिग्री लेकर बेरोजगार घूम रहे थे। देश में पहली बार कौशल विकास विभाग की स्थापना कर नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम किया। झारखंड सरकार ने इसी को आगे बढ़ते हुए एक दिन में 1.06 लाख लोगों को रोजगार से जोड़कर विश्व कीर्तिमान बनाया है।