कोलकाता : माकपा ने आज कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मिलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने में कुछ गलत नहीं है और ‘‘ लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी हमले ’’ की स्थिति में हर कीमत पर बचाव किया जाना चाहिए।
धुरविरोधी राजनीतिक पालों (माकपा एवं तृणमूल) के दोनों मुख्यमंत्रियों ने आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के अपने समकक्षों के साथ मिलकर शनिवार को केजरीवाल को अपना समर्थन दिया था जो आईएएस अधिकारियों की ‘‘ हड़ताल ’’ वापस लेने की मांग को लेकर दिल्ली में उपराज्यपाल के कार्यालय में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती ने पीटीआई से कहा , ‘‘ वाम मोर्चा लोकतंत्र , धर्मनिरपेक्षता और संघीय राजनीति को लेकर अपने विचारों एवं नीतियों के संबंध में हमेशा अटल रहा है। लोगों के अधिकारों पर किसी भी हमले की स्थिति में हर कीमत पर बचाव होना चाहिए।
चार मुख्यमंत्रियों द्वारा एक अन्य मुख्यमंत्री का समर्थन करने में कुछ गलत नहीं है। ’’ इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा , ‘‘ हमारी पार्टी की अध्यक्ष ममता बनर्जी भाजपा और उसकी नीतियों के खिलाफ लड़ती रही हैं। हमें लगता है कि सभी विपक्षी ताकतों को भाजपा से मुकाबला करने के लिए एक होना चाहिए। ’’
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।