भारी बारिश से देश के कई हिस्सों का बुरा हाल है। महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में जबरदस्त बारिश हो रही है। जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। मुंबई के कुर्ला, अंधेरी, सायन, सांताक्रूज समेत कई इलाकों में पानी भर गया। मुंबई में मानसून की मार से आज भी राहत नहीं मिलने वाली है। मुंबई में पिछले 24 घंटे में 9 इंच बारिश हुई तो वहीं गुजरात के वलसाड में 25 इंच बारिश हुई।
आज मुंबई में सुबह 11.34 बजे हाई टाइड आने का खतरा है। लहरें 4.05 मीटर ऊंचाई तक उठ सकती है। वहीं, शाम 5.40 बजे लो टाइड आने का अनुमान है। कल हुई बारिश से मुंबई में 3 और बाकी महाराष्ट्र में बारिश संबंधी हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। मुंबई एयरपोर्ट के मेन रनवे से फ्लाइट ऑपरेशंस रोकना पड़ा। इस दौरान करीब आधे घंटे विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।
गुजरात के वलसाड में 30 घंटे में 25 इंच वर्षा हुई है। भारी बारिश की वजह से उमरगांव तहसील के कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। आज भी वलसाड, सूरत और आसपास के इलाकों में एनडीआरएफ की टीम तैनात रखी गई है। मौसम विभाग ने चार दिन तक महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में अगले 48 घंटों में तेज बारिश की चेतावनी दी है। वही भीषण गर्मी का सामना कर रहे मध्य और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को अगले दो-तीन दिन में कुछ राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के 29 जून को पहुंचने की उम्मीद है जो राष्ट्रीय राजधानी के लिए मानसून पहुंचने की सामान्य तिथि है। दक्षिण पश्चिमी मानसून निर्धारित सामान्य तिथि से तीन दिन पहले 29 मई को पहुंचा और केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात के तटीय इलाकों में बारिश हुई। वही मुंबई की इस बारिश ने एक बार फिर बीएमसी के इंतजामों की पोल खोल दी है, लेकिन शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का दावा है कि इंतजाम पिछली बार से बेहतर थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।