लखनऊ : राजधानी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। प्रतापगढ़ के मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह की फेसबुक पर फेक आईडी बनाने वाले जालसाज दीपक तिवारी को गौतमपल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दीपक तिवारी के पास से आई डी कार्ड सर्टिफिकेट और काफी चीजें भी बरामद की है। गौतमपल्ली पुलिस ने शातिर ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्त में आया ठग मेडिकल का छात्र है। एक कैबिनेट मंत्री की फर्जी आईडी बनाकर साथी छात्रों को ठगी का शिकार बना रहा था। बताया जा रहा हैं कि आरोपित छात्र ठगी के लिए कैबिनेट मंत्री के नाम का सहारा लेता था और खुद को मंत्री का बेटा बताता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी गौतमपल्ली ने बताया कि बरेली निवासी मोहम्मद दानिश ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार ठग ने उसे पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने का हवाला देते हुए ठगी का शिकार बनाया। उसे जब ठगी का अंदाजा लगा तो उसने मामला दर्ज कराया। इसी बीच ठगी का शिकार हुए तीन अन्य पीड़ित भी प्रकाश में आए। पुलिस पड़ताल में पता चला कि प्रतापगढ़ के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह के नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई थी।
इसके साथ ही दीपक सिंह नाम की फर्जी आईडी भी बनाई गई थी और मंत्री का बेटा बताकर ही आरोपी लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी की धड़पकड़ में लगी थी। आरोपी 1090 चौराहे की तरफ से जाने वाला था और वहीं उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्त में आए आरोपी ने अपना वास्तविक नाम दीपक तिवारी बताया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।