नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री अजय टम्टा के आवास पर भाजपा हिमालय परिवार द्वारा हिमालयी प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की कार्य पद्धति पर चलने वाली भारतीय जनता पार्टी आज वैश्विक राजनीतिक दल बन गई है। इसमें संघ के असंख्य स्वयंसेवकों का त्याग और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं का समर्पण भाव निहित है।
हिमालयी राज्यों के गांवों में पर्यटन और युवाओं को कौशल विकास प्रोत्साहन से ही हिमालय की रक्षा हो सकेगी। इस अवसर पर अजय टम्टा ने शीर्ष संस्कृत विद्वान कविरत्न डॉ. श्रीकृष्ण सेमवाल, इतिहासकार प्रो. नरेन्द्र पिपलानी, वरिष्ठ शिक्षाविद विष्णुलाल टम्टा, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रो. सुषमा चौधरी, डॉ. मनोज कुमार कैन, पत्रकार राजीवनयन बहुगुणा, अखिल भारतीय उत्तराखंड महासभा के अध्यक्ष डॉ. विनोद नौटियाल, गढ़वाल हितेषिणी सभा के महासचिव डॉ. पवन कुमार मैठाणी अधिवक्ता संजय कुमार शर्मा, योग प्रशिक्षक डॉ. रमेश कांडपाल, आकाशवाणी से जुड़े डॉ. कृष्णचन्द्र पांडे व पार्थसारथी थपलियाल, पत्रकार व्योमेश जुगरान, सुनील नेगी, दाताराम चमोली, शशि शुक्ला, शशि मोहन रवांल्टा, लेखिका डॉ. सुनीति रावत, डॉ. ऋचा वशिष्ठ, कवि मनोज कामदेव शर्मा व आशीष रावत को भी सम्मानित किया।
विशेष अतिथियों में विधायक रहे मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा के शीर्ष नेता उदय शर्मा, वीरेन्द्र दत्त सेमवाल, श्याम लाल, निगम पार्षद कौस्तुभानन्द बलौधी, अनिल राणा व नीता बिष्ट का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने दिल्ली में हिमालयी क्षेत्र के लोगों को पार्टी के अंदर अपेक्षित प्रतिनिधित्व देने की भी मांग की गई। समारोह के अध्यक्ष प्रो. देवी प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि समाज, राजनीति व शिक्षा के क्षेत्र में हिमालयी क्षेत्र के लोगों की बेजोड़ भूमिका है और देश रक्षा के साथ त्याग भाव तो मानों इन देवपुत्रों को नियति से विरासत में मिला है। इससे पूर्व वैदिक मंगलाचरण और सरस्वती वंदना ने भाजपा हिमालय परिवार के इस आयोजन को विशेष बना दिया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।