कोटद्वार : करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह कालवी ने देशहित में युवाओं को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं, इसलिए उन्हें गलत व्यवस्था के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी चाहिए। आज देश में हर चीज पर राजनीति होने लगी है, यह सब भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। मुख्य अतिथि करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह कालवी ने वैदिक आश्रम गुरूकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह के दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लोगों के विरोध के बाद भी देश में कई सिनेमाघरों में पद्मावत फिल्म दिखाई गई।
देश की संस्कृति के साथ छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ ऊर्जावान लोगों को एकजुट होना होगा। कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी असली पहचान है। वैदिक आश्रम गुरूकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम के संस्थापक डा. योगीराज विश्वपाल जयंत ने कहा कि उनका लक्ष्य संपन्न लोगों से सहयोग लेकर तीन साल में कण्वाश्रम क्षेत्र का बेहतर विकास करना है। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम के बेहतर विकास के लिए कोटद्वार व भाबर की जनता को एकजुट होना होगा। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मुजफ्फरनगर के पहलवानों ने एक-दूसरे पर कुश्ती के दांव-पेच लगाए। इस मौके पर जनप्रिय एवं लोकप्रिय समाज सेवा राष्ट्र निर्माण पार्टी के संस्थापक डा. विक्रम सिंह आर्य, डा. यशवीर शास्त्री, राधाकृष्ण अग्रवाल, डा. मिथुन मिश्रा, राजेश सिंह, महेश पालीवान, विनय लाडे, सुषमा जखमोला आदि मौजूद रहे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
– राजेन्द्र शिवाली