राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विश्वास जताया है कि प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बनायेगी। राजे ने आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के संगठन कौशल से भाजपा ने पूर्वोत्तर में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि वामपंथी किले को ढहाकर पार्टी ने साबित कर दिया है कि अब देश में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि यह नेतृत्व कौशल, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आर्शीवाद का परिणाम है कि आज त्रिपुरा में भाजपा का वोट शेयर 1.3 प्रतिशत से बढ़कर 43 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसमें सहयोगी दलों का 8 प्रतिशत शामिल कर लें तो यह 51 प्रतिशत हो जाता है, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर सिमटकर केवल 1.8 प्रतिशत रह गया।
उन्होंने कहा कि यह विकास की राजनीति का परिणाम है जिसके कारण भारत आज विकास की नई उंचाईयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस जीत से पूर्वोत्तर का राजनीतिक चित्र बदल गया है। अब देश में 20 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें है। कांग्रेस केवल चार राज्यों में सिमट गई है। अब देश में सूरज उगता भी भाजपा शासित प्रदेश में है और अस्त भी भाजपा शासित प्रदेश में होता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा फिर से सरकार बनायेगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।