भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मंदसौर में कांग्रेस के नेता आकर बड़े जोर शोर से कहते है कि मेरी सरकार आयी तो किसानों का कर्ज माफ करेंगे, लेकिन उन्होंने पंजाब में ढाई हजार करोड़ रूपए माफी की रस्म पूरी की। जबकि वहां के किसानों पर 59 हजार करोड़ का कर्ज है। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने कर्ज माफी की बात की, लेकिन नतीजे सबके सामने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र काम किसानों में भ्रम फैलाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले एक साल में किसानों के खाते में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 35 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि जमा की है। हम किसान को ऐसा बनाना नहीं चाहते है कि वह दया की भीख मांगे। किसान स्वाभिमान के साथ अपने पसीने की कीमत पा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों के लिए जो काम किए है, वो दुनिया के किसी कोने में नहीं हुए। यह बात मुख्यमंत्री चौहान ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला महामंत्री एवं मोर्चा के सोशल एवं मीडिया प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राजगढ़ से 10 साल तक सांसद एवं 10 साल मुख्यमंत्री रहे दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान संसदीय क्षेत्र में एक इंच सिंचाई की व्यवस्था भी नहीं कर पाए।
लेकिन उसी राजगढ़ जिले में 80 प्रतिशत भूमि पर अब सिंचाई होगी और फसलें लहलहायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने असंभव कार्य को भी संभव कर दिखाया। नर्मदा क्षिप्रा लिंक परियोजना के जरिए मालवा की सूखी धरती की प्यास बुझाने का काम किया है। इसके अलावा मालवा सहित महाकौशल, चंबल, शहडोल, रीवा जैसे हर क्षेत्र के लिए अलग अलग योजनाएं चलाकर मध्यप्रदेश को नंदन वन बनाने का काम यह सरकार करेगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।