रोहित शर्मा और शिखर धवन ने टीम इंडिया को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलायी है। इन दोनों की जोड़ी वर्ल्ड क्रिकेट में धमाल मचा रहा है। धवन और रोहित के बीच कई बार शतकीय साझेदारी हुई है। इसी क्रम में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी विस्फोटक प्रदर्शन किया।एशिया कप 2018 के तीसरे सुपर फोर मैच में धवन और रोहित ने एक और शतकीय साझेदारी बनायी।
हालांकि धवन और रोहित ने इस मैच में दोहरी शतकीय साझेदारी निभाई। इसकी बदौलत उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी हाशिम अमला और क्विंटन डी कॉक को पीछे छोड़ दिया। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने 111 और शिखर धवन ने 114 रन की पारी खेली। यह सिर्फ दूसरा मौका है जब भारत के दोनों ओपनरों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक बनाए। इससे पहले 2002 के चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली ने ऐसा किया था।
वैसे यह ओवरऑल सातवां मौका है, जब भारत की ओर से दोनों ओपनरों ने शतक जमाए। वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के नाम दर्ज है। धवन और रोहित इस लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। यह पहला मौका है जब भारत के ओपनरों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए इतनी लंबी साझेदारी की।
इससे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था। दिल्ली के इन दोनों बल्लेबाजों ने 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 201 रन की नाबाद साझेदारी की थी।
रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 210 रन की साझेदारी की। यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी भी है। रोहित और धवन ने सौरव गांगुली और सचिन तेंदुलकर की 159 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा। सौरव-सचिन ने 1998 में ढाका में पाकिस्तान के खिलाफ यह साझेदारी की थी।
भारत ने पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया। उसने ऐसा पहली बार किया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत का 8 विकेट से थी।