अगर आप राष्ट्रीय राजधानी में गाड़ी में अकेले ट्रेवल कर रहे हैं तो मास्क लगाना जरूरी नहीं है। गाड़ी में मास्क नहीं पहनने पर अब चालान भी नहीं कटेगा। हालांकि दिल्ली में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य किया गया। बिना मास्क के पकड़े जाने पर ₹500 का जुर्माना लगाया जाएगा।
केजरीवाल सरकार ने जारी किए आदेश
दिल्ली सरकार ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। आज जारी किए गए आदेश के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मास्क लगाने को फिर अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि, प्राइवेट कार में यात्रा कर रहे लोगों को इससे छूट रहेगी।
दिल्ली में कल मिले थे 975 नए मामले
बता दें कि दिल्ली में गुरुवार को कोविड के 975 केस सामने आए थे, जो देश के कुल मामलों का 45 फीसदी के करीब है। दिल्ली में कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भी बुधवार को बैठक हुई थी, जिसमें कई ऐहितियाती उपाय उठाने की सिफारिश की गई थी। इसमें मास्क को अनिवार्य करने का मुद्दा भी था। दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने 15 से 59 के लोगों को प्रिकाशनरी डोज को फ्री लगवाने का फैसला किया है। दिल्ली में यह काम शुरू भी हो गया है।
कोरोना की चौथी लहर का डर!
उल्लेखनीय है कि दिल्ली, हरियाणा जैसे राज्यों में कोरोना के केसों में तेजी के चलते चौथी लहर आने की आशंका पैदा हो गई है। दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी एक बार फिर से पाबंदियां लगा दी गई हैं। यही नहीं आने वाले दिनों में पाबंदियों में इजाफे की भी आशंकाएं जताई जा रही हैं।