दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने जहांगीरपुरी दंगा मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल ने फरीद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। फरीद को जहांगीरपुरी दंगा मामले के मुख्य आरोपी अंसार का करीबी बताया जा रहा है। फरीद उर्फ नीटू को स्पेशल सेल ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। ये मुख्य आरोपी है, जिसने भीड़ को उकसाने में अहम भूमिका थी।
आरोपी जहांगीरपुरी छोड़कर भाग गया था
स्पेशल सेल के सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त पथराव हुआ, उस वक्त इस आरोपी ने भीड़ को उकसाया, अफवाह फैलाई और जमकर उत्पात मचाने में मुख्य भूमिका निभाई, जिसके बाद यह कोलकाता भाग गया था। पुलिस के मुताबिक, फरीद के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी हुआ था। वारदात के कुछ दिन बाद जहांगीरपुरी छोड़कर भाग गया था और परिवार के सदस्यों को भी अलग-अलग जगह छुपाया था। आरोपी कोलकाता के नजदीक ग्रामीण इलाके में जाकर छुप गया था। आरोपी मूलरूप से मिदनापुर का रहने वाला है।
क्राइम ब्रांच ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया
वहीं, जहांगीरपुरी हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ये दोनों शख्स रिश्ते में भाई हैं और इनका सीधा ताल्लुक मुख्य आरोपी अंसार से था। गिरफ्तार इन आरोपियों के नाम जफर और बाबुद्दीन है। इन दोनों पर हिंसा वाले दिन शोभा यात्रा में शामिल लोगों पर कांच की बोतलों से हमला करने का आरोप है. साथ ही ये तलवार भी लहराते दिखाई दिए थे।