आज सुबह 8 बजे से दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गयी है और शुरूआती रुझानों में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त बढ़त हासिल। शरुआती चरणों की गिनती में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के दफ्तर में सुबह से कार्यकर्ताओं में जीत को लेकर भरपूर जोश दिखाई दे रहा है।
आप नेता संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘‘जबरदस्त जीत’’ हासिल करेगी। हालांकि भाजपा के नेताओं ने अपनी जीत की उम्मीद अभी नहीं छोड़ी है।
संजय सिंह ने अपने आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम शुरुआत से ही कह रहे हैं कि आगामी चुनाव हमारे किए काम के आधार पर लड़ा जाएगा। अभी कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी। आप इंतजार कीजिए और देखिए कि हम जबरदस्त जीत हासिल करेंगे।’’
बता दें, पिछले दिल्ली विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 67 सीटें मिली थी और भाजपा महज 3 सीटों पर सिमट गयी थी। इस बार भाजपा की सीटों में बढ़ौतरी होती दिखाई दे रही है और 15 से ज्यादा सीटों पर भाजपा ने लगातार बढ़त बनायी हुई है।
कांग्रेस पार्टी की बात की जाए तो अभी तक की मतगणना में कांग्रेस एक भी सीट पर बढ़त में नहीं है और ऐसा लग रहा है कि इस बार भी कांग्रेस खाता खोलने में कामयाब होती नहीं दिखाई दे रही है।