दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता 111 वर्षीय बचन सिंह ने किया मतदान

Summary :

बचन सिंह ने तिलक विहार के संत गढ़ स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वह मतदान केंद्र तक व्हील चेयर पर गए।

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर रविवार को हो रहे मतदान में एक तरफ जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वोट करने वालों में प्रमुख रहें वहीं दूसरी तरफ राजधानी के सबसे बुजुर्ग वोटर 111 वर्ष के बचन सिंह ने भी लोकतंत्र के इस पावन पर्व में हिस्सा लिया।

bachan singh

दिल्ली चुनाव कार्यालय की तरफ से अधिकारियों ने बचन सिंह से शनिवार को मुलाकात की थी और उनसे वोट डालने की अपील की। पश्चिमी जिला के निर्वाचन अधिकारी अजीमुल हक ने बचन से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित भी किया था। बचन सिंह ने तिलक विहार के संत गढ़ स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वह मतदान केंद्र तक व्हील चेयर पर गए।

तीन महीने पहले लकवाग्रस्त हुए बचन सिंह वैसे तो अपना जीवन बिस्तर पर ही व्यतीत कर रहे हैं किंतु वोट डालने के उनके जज्बे में कोई कमी नजर नहीं आई। बचन का सबसे छोटा पुत्र जसबीर सिंह (63) भी वरिष्ठ नागरिक की श्रेणी में आता है। 17वीं लोकसभा के लिए दिल्ली की सात सीटों पर 100 वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या 96 है। दिल्ली में महिला मतदाताओं में सबसे बुजुर्ग 110 वर्ष की राम प्यारी शंखवार है जो पूर्वी दिल्ली के कोंडली क्षेत्र की रहने वाली हैं।

Desk Team