दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 1,113 नये मामले आने से महामारी को लेकर चिंता फिर बढ़ गयी है लेकिन राहत की बात यह है कि बुधवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर में भी आंशिक सुधार दर्ज किया गया । दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 1,113 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,48,504 पर पहुंच गई।
सोमवार को केवल 707 नये मामले दर्ज किये गये लेकिन मंगलवार इनकी संख्या बढ़कर 1,257 हो गयी थी। इस दौरान 1,021 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना वायरस को मात देने वाल़ों का कुल आंकड़ा 1,33,405 हो गया। देश में दिल्ली का स्थान रिकवरी वाले सर्वाधिक राज्यों में है और राहत की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी दर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गयी।
दिल्ली की रिकवरी दर सोमवार को बढ़कर 90.09 प्रतिशत हो गई थी जो मंगलवार को घटकर 89.81 प्रतिशत पर आ गयी लेकिन आज इसमें आंशिक सुधार के साथ 89.83 फीसदी पर आ गयी। दिल्ली में कोराेना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या आज 14 रही और राजधानी में यह जानलेवा वायरस अब तक 4,153 की जान ले चुका है। राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज 30 बढ़कर 523 हो गई। दिल्ली में सक्रिय मामले भी गत दिवस के 10,868 से 78 बढ़कर आज 10,946 रह गये। कुल सक्रिय मामलों में से 5598 होम आइसोलेशन में हैं।
राजधानी के विभिन्न अस्पतालों के 13,963 बेड में से 10,612 खाली हैं और 3351 कोरोना मरीजों का उपचार अस्पतालाें में चल रहा है। पिछले 24 घंटों में केवल 18,894 लोगों की कोरोना वायरस की जांच हुई। राजधानी में कोराेना के 12,42,739 नमूनों की अब तक जांच हो चुकी हैं और 10 लाख की आबादी पर जांच का औसत 65 हजार से अधिक 65,407 हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



